Sultanpur News:पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति पर लगेगा नियंत्रण – Vehicle Speeds On The Purvanchal Expressway Will Be Regulated
सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित अन्य मार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सतर्क किया गया है। खासकर कोहरे में वाहनों की गति पर नियंत्रित किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक करते जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पीडब्ल्यूडी, परिवहन, पुलिस, यूपीडा सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कोहरे से हो रहीं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया। डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने को गंभीरता से लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई, सड़क चिह्नांकन, पेंटिंग और चेतावनी संकेतकों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित स्थानों पर कंपन पट्टियां और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। कोहरे में दुर्घटनाएं रोकने के लिए वाहनों की गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों पर परावर्तक टेप व कोहरे की लाइट लगवाने के निर्देश दिए। पुलिस पीआरवी-112 और राजमार्ग गश्त टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। इस मौके पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
