शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sultanpur News:मिनी ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत – Car Collides With Mini-truck; Woman Dies
सुल्तानपुर

Sultanpur News:मिनी ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत – Car Collides With Mini-truck; Woman Dies

November 19, 2026


बल्दीराय (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे मिनी ट्रक में पीछे से टकरा गई। इसके बाद कार बेकाबू होकर बाईं तरफ डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार गाजियाबाद निवासी संध्या (67) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कार में छह लोग सवार थे। दो अन्य लोग बच गए। दुर्घटना बृहस्पतिवार दोपहर डेढ़ बजे हलियापुर थाना क्षेत्र के कुवांसी गांव के पास हुई।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी सुनील कुमार सिन्हा (47) मां संध्या, पिता राजकिशोर सिन्हा और तीन अन्य लोगों के साथ बिहार के सीवान में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कुवांसी के पास उनकी कार आगे चल रहे मिनी ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में सुनील की मां संध्या (67) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यूपीडा की टीम ने उन्हें कार से निकालकर कुमारगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार चला रहे गाजियाबाद के इंदिरानगर निवासी सुनील कुमार सिन्हा व उसमें सवार शुभम (25) और विकास कुमार सिन्हा (38), निवासी जगतपुर, बसंतपुर, सीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का कुमारगंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो अन्य हरीराम और खजांची सिन्हा बच गए। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी श्यामबाबू सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सुरक्षित स्थान पर रखवाया है।

ट्रेलर में पीछे से भिड़ा ट्रक, चालक-खलासी गंभीर

बल्दीराय। हलियापुर के डीह गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह 7:40 बजे ट्रक आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ा। ट्रक संडीला से आलू लादकर बिहार के आरा जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाराबंकी जिले के सहादतगंज मसौली निवासी चालक अरुण कुमार (30) और खलासी अमित कुमार (25) केबिन में फंस गए।

यूपीडा के गश्ती दल ने ट्रक की बॉडी काटकर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें कुमारगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक सुरक्षा अधिकारी श्यामबाबू सिंह ने हादसे के पीछे भी चालक को झपकी आने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि हादसे के चलते करीब 30 मिनट तक एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा,जिसे बाद में बहाल करा दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X