Nainital News:सीटीआर में लकड़बग्घों के संरक्षण की योजना शुरू – Conservation Plan For Hyenas Launched In Ctr
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में अब लकड़बग्घों के संरक्षण की योजना बनाई जा रही है। पार्क प्रशासन ने जंगल में इनकी लगातार मौजूदगी के बाद विस्तृत शोध कराने का निर्णय लिया है। इस शोध से लकड़बग्घों की ऐतिहासिक स्थिति, वर्तमान संख्या और विचरण क्षेत्र का आकलन होगा।
सीटीआर और आसपास के वन प्रभागों में ट्रैप कैमरा और वनकर्मियों ने लकड़बग्घों की मौजूदगी दर्ज की है। हाल ही में सीटीआर के बिजरानी जोन में गश्त के दौरान एक लकड़बग्घा देखा गया था। पार्क अधिकारी और वन्यजीव प्रेमी इसे एक सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। उपनिदेशक शिरीन संजय ने बताया कि बिजरानी में कैमरा ट्रैप लगाकर लकड़बग्घों की गतिविधि देखने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।
अब पार्क प्रशासन लकड़बग्घों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए शोध की योजना बना रहा है। वन्यजीव प्रेमी इमरान खान ने बताया कि धारीदार लकड़बग्घा वन्यजीव पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे जंगल का प्राकृतिक सफाईकर्मी भी कहा जाता है। यह मृत वन्यजीवों के अवशेषों को खाकर जंगल को स्वच्छ रखने में मदद करता है।
धारीदार लकड़बग्घों की तस्वीरें मिली थीं ट्रैप कैमरा में
वर्ष 2019 में ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन के दौरान कॉर्बेट के सात ट्रैप कैमरा पर धारीदार लकड़बग्घों की तस्वीरें मिली थीं। हालांकि, वर्ष 2021-22 के कैमरा ट्रैप सर्वे में इनकी तस्वीर सामने नहीं आई। इससे पहले वर्ष 2015 में रामनगर वन प्रभाग के देचौरी, कालाढूंगी और कोटा रेंज में लकड़बग्घों के 26 अप्रत्यक्ष साक्ष्य मिले थे। विगत वर्ष तराई पश्चिमी वनप्रभाग में भी लकड़बग्घों की मौजूदगी दर्ज की गई थी।
सीटीआर पार्क में लकड़बग्घों का दिखना सकारात्मक संदेश है। इनकी संख्या और स्थायी निवास या आवाजाही का भी अध्ययन होगा। इनके प्राकृतिक आवास, भोजन और विचरण के पैटर्न का भी अध्ययन किया जाएगा। बिजरानी जोन खुलने के बाद कई पर्यटकों ने भी लकड़बग्घों को देखा है। – साकेत बडोला, निदेशक, सीटीआर
