शामली/कांधला। कांधला पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 14 बाइक और एक स्कूटी बरामद की हैं।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार 12 नवंबर को कांधला कस्बे की शुक्रों वाली मस्जिद के पास से बाइक चोरी हुई थी। वहीं, 25 अगस्त को गढ़ी अब्दुल्ला खां गांव से भी बाइक चोरी हुई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
18 नवंबर की रात ग्राम असदपुर-जिड़ाना नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मोहित सैनी निवासी मोहल्ला रायजादगान, कांधला और रवि कुमार निवासी गांव चढ़ाव, थाना कांधला के रूप में हुई। तलाशी में उनके कब्जे से कांधला से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस बरामद हुई।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने अन्य चोरी की बाइक और स्कूटी गढ़ीरामकौर स्थित सिंचाई विभाग के खंडहर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 13 बाइक और एक स्कूटी बरामद की।

पुलिस द्वारा चोर गिरोह से बरामद बाइक। पुलिस