युवाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने के लिए बृहस्पतिवार को डायट प्रशिक्षण हाल मंझनपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में धर्मा देवी इंटर कॉलेज कड़ा के प्रतिभागियों ने लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में अर्चना देवी प्रथम और संजना देवी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में धर्मा देवी इंटर कॉलेज की छात्रा अंशिका अग्रहरि ने नशा मुक्ति विषय पर आकर्षक चित्र बनाकर पहला स्थान हासिल किया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित उत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और विधायक पूजा पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अंशु मिश्रा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सौरभ आर्य, स्वाती पांडेय, नाजुक जहां, अभिषेक आदि मौजूद रहे। संवाद