गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kaushambi News:मेरठ ने हरियाणा को हराकर फाइनल में बनाई जगह – Meerut Defeats Haryana To Secure A Spot In The Final
कौशांबी

Kaushambi News:मेरठ ने हरियाणा को हराकर फाइनल में बनाई जगह – Meerut Defeats Haryana To Secure A Spot In The Final

November 19, 2026


Meerut defeats Haryana to secure a spot in the final

यूपीसीए के डायरेक्टर प्रिंस रियासत अली एवं यूपीसीए के मीडिया इंचार्ज मो. तालिब ने निर्देश बैसोय

16वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने एचसीए हरियाणा को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मेरठ की जीत में निर्देश बैसोया की शानदार गेंदबाजी और यशु प्रधान की तूफानी बल्लेबाजी अहम रही। बुधवार को खिताबी मुकाबले में मेरठ का सामना उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से होगा।

मंगलवार को रिजवी कॉलेज मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एचसीए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 218 रन बनाए। टीम की ओर से रजत पालीवाल ने 86, शिवम सिंह ने 28, शुभम लाम्बा ने 26 और हिमांशु राणा ने 16 रन बनाए। मेरठ की ओर से निर्देश बैसोया ने आठ ओवर में 34 रन देकर चार विकेट झटके। अजय कुमार ने दो, जबकि शुभ मिश्रा, अंकुर चौहान और प्रशांत चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की टीम ने 37.4 ओवर में छह विकेट पर 220 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यशु प्रधान ने 50 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 72 रन की शानदार पारी खेली। संदीप तोमर ने 49 और प्रशांत चौधरी ने नाबाद 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। सत्यम संगू ने भी 28 रन का योगदान दिया।

हरियाणा की ओर से योगेश कुमार और अंकित रेधु ने दो-दो विकेट लिए। मैच के बाद यूपीसीए के डायरेक्टर प्रिंस रियासत अली और मीडिया इंचार्ज मो. तालिब ने निर्देश बैसोया को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले में शिशिर मेहरोत्रा और आले हसन ने अंपायर तथा प्रितेश सोनकर ने स्कोरर की भूमिका निभाई।

——————

आज यूपीसीए और मेरठ के बीच खिताबी भिड़ंत

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X