शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:फल व्यापारी को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज – Allegations Of Holding A Fruit Trader Hostage And Beating Him; Fir Registered Following Court Order

November 20, 2026


देवबंद। नवीन मंडी में बकाया रकम के विवाद में फल व्यापारी को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

मोहल्ला जोशीवाड़ा निवासी एयाज अहमद उर्फ पप्पू ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि वह फलों के बाग की फसल खरीदने-बेचने का काम करता है। नवीन मंडी में आढ़ती असद पर उसके फल और उधारी के करीब दस लाख रुपये बकाया हैं। इसको लेकर उसने न्यायालय में वाद भी दायर किया हुआ है। आरोप है कि 13 जुलाई 2026 को वह मंडी में आम बेचने पहुंचा था। इसी दौरान आढ़ती असद, उसके भाई शूबी समेत कई अन्य लोगों ने उसे घेरकर बंधक बना लिया।

आरोपियों ने उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। एयाज का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। साथ ही दोबारा मंडी में फल बेचने या बकाया रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में पुलिस ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया था। सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X