दतिया:46 आपराधिक मामलों में वांछित तीन बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग और जानलेवा हमले के थे आरोप – Datia: Three Criminals Wanted In 46 Criminal Cases Arrested; They Were Accused Of Firing Shots
दतिया कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित इन बदमाशों को दबोच लिया। आरोपियों में से तीन के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 46 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के साथ ही तीन स्थायी वारंट भी तामील कराए हैं।
कुख्यात आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि
सब इंस्पेक्टर अल्फाहुल हसन ने बताया कि पुलिस टीम लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में रोहित यादव, राजा खान, राम यादव और रामजीशरण कुशवाहा शामिल हैं। इनमें से तीन आरोपियों पर हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं।
जानलेवा हमले के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम खिरिया कोंदस, हाल निवासी खातीबाबा कॉलोनी दतिया, 17 जून को हुई फायरिंग और जानलेवा हमले की घटना के बाद से फरार था। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 361/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक अदालती मामले में 24 जुलाई, 2025 को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। रोहित के खिलाफ कोतवाली, सिविल लाइन और चिरूला थानों में कुल 12 अपराध दर्ज हैं।
दूसरा आरोपी राजा खान पुत्र सलीम खान (20 वर्ष), निवासी रामनगर, पुलिस लाइन मस्जिद के पास, भी 17 जून की इसी फायरिंग और जानलेवा हमले की घटना के बाद से फरार चल रहा था। राजा खान के खिलाफ भी कोतवाली में अपराध क्रमांक 361/2026 दर्ज है और उस पर कोतवाली तथा चिरूला थानों में कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्थायी वारंट की हुई तामील
तीसरा आरोपी राम यादव, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, अपराध क्रमांक 136/2026 में एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में फरार चल रहा था। वर्ष 2024 के एक अदालती मामले में 10 अगस्त को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। राम यादव पर हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी के कुल 24 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के साथ ही स्थायी वारंट की तामील कराई।
चौथे आरोपी रामजीशरण कुशवाहा पुत्र धनीराम कुशवाहा (46 वर्ष), निवासी थाना चिरूला क्षेत्र, के खिलाफ दतिया न्यायालय में यूको बैंक से संबंधित धारा 138 एनआई एक्ट के मामले में 2 अप्रैल को स्थायी वारंट जारी हुआ था। वह पिछले सात महीने से वारंट में फरार चल रहा था।
