Shahjahanpur News:किसान के घर से नकदी व जेवर समेत लाखों का सामान चोरी – Cash, Jewellery, And Other Items Worth Lakhs Stolen From A Farmer’s House
निगोही। थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर-झोतूपुर में बुधवार रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाया। चोर घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और सिलाई मशीन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
गांव निवासी अंकित खेती-किसानी करते हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे से तीन बजे तक उनके घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान चोर दीवार लांघकर घर में घुस आए। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद, सोने की झुमकी, पेंडल, कमरबिछुआ, पायल और सिलाई मशीन चोरी कर ले गए।
सुबह परिजन घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो बक्से का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखा कीमती सामान नदारद था। अंकित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
