शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hero Splendor हो गई महंगी! ₹3,086 तक बढ़े दाम, देखिए नई प्राइस लिस्ट
ऑटो

Hero Splendor हो गई महंगी! ₹3,086 तक बढ़े दाम, देखिए नई प्राइस लिस्ट

November 20, 2026


देश और दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली कम्यूटर बाइक Hero Splendor Plus को खरीदना अब ग्राहकों के लिए थोड़ा महंगा हो गया है. हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी इस पॉपुलर बाइक की कीमतों में 3,086 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. डेली कम्यूटिंग और शानदार माइलेज के लिए मशहूर ये बाइक मिडिल क्लास फैमिली की पहली पसंद मानी जाती है. ऐसे में कीमतों में हुए इस बदलाव का सीधा असर आम खरीदारों के बजट पर पड़ने वाला है.

कंपनी ने स्टैंडर्ड वेरिएंट्स के साथ-साथ स्पेशल एडिशन और फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल के प्राइस भी अपडेट किए हैं. हालांकि, XTEC और XTEC 2.0 वेरिएंट्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई कीमतें लागू होने के बाद अब इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 78,912 रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 85,461 रुपये तक पहुंच गई है. आइए जानते हैं किस वेरिएंट के कितने दाम बढ़े हैं.

Hero Splendor कितनी महंगी हुई?

हीरो मोटोकॉर्प ने Splendor+ के Drum, i3S और 125 Million Edition वेरिएंट्स के दाम 1,135 रुपये बढ़ाए हैं. वहीं, Splendor+ Special Editions की कीमत में सबसे ज्यादा 3,086 रुपये का इजाफा हुआ है. इसके अलावा, Splendor+ Flex मॉडल भी लॉन्च कीमत के मुकाबले 1,332 रुपये महंगा हो गया है. हालांकि, XTEC सीरीज की कीमतें स्टेबल रखी गई हैं.

वेरिएंट का नाम पुरानी कीमत नई कीमत बढ़ोतरी
Splendor+ Drum ₹77,777 ₹78,912 ₹1,135
Splendor+ i3S ₹78,910 ₹80,045 ₹1,135
Splendor+ Special Editions ₹78,580 ₹81,666 ₹3,086
Splendor+ 125 Million Edition ₹80,531 ₹81,666 ₹1,135
Splendor+ Flex ₹82,710 ₹84,042 ₹1,332
Splendor+ XTEC Drum Brake – ₹82,418 कोई बदलाव नहीं
Splendor+ XTEC 2.0 Drum Brake – ₹84,549 कोई बदलाव नहीं
Splendor+ XTEC Disc Brake – ₹85,461 कोई बदलाव नहीं

डिजाइन, फीचर्स और सेफ्टी

Hero Splendor Plus अपने क्लासिक और सदाबहार कम्यूटर डिजाइन के लिए जानी जाती है. इसमें लंबी और आरामदायक सिंगल-पीस सीट, मजबूत ग्रैब रेल, आकर्षक बॉडी ग्राफिक्स और अलॉय व्हील्स मिलते हैं. फीचर्स की बात करें तो स्टैंडर्ड मॉडल में एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, i3S (आइडल स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम) तकनीक और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट मिलता है. वहीं, XTEC वेरिएंट में फुल-डिजिटल मीटर, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, कॉल-एसएमएस अलर्ट और एलईडी हेडलाइट दी गई है.

सेफ्टी के लिए बाइक में इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम (IBS), साइड-स्टैंड इंजन कट-ऑफ सेंसर, ट्यूबलेस टायर्स और टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स के साथ 5-स्टेप एडजस्टेबल रियर हाइड्रोलिक शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जो खराब रास्तों पर भी बेहतरीन संतुलन और सेफ राइडिंग एक्सपीरिएंस सुनिश्चित करते हैं.

इंजन और माइलेज

इंजन और परफॉर्मेंस के मोर्चे पर Hero Splendor Plus में 97.2 सीसी का एयर-कूल्ड, 4-स्ट्रोक, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है. ये इंजन 8,000 rpm पर 8.02 PS की अधिकतम पावर और 6,000 rpm पर 8.05 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन के लिए इसे 4-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है. कंपनी का फ्लेक्स-फ्यूल वेरिएंट E85 तक के इथेनॉल ईंधन पर चलने में सक्षम है। माइलेज के मामले में यह बाइक बेहद किफायती है और सामान्य परिस्थितियों में लगभग 65 से 70 kmpl तक का शानदार माइलेज देती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X