चंडीगढ़ कार्निवल आज से :परिवार संग कार्निवल घूमने निकलें बेफिक्र, पार्किंग के लिए 12 ठिकाने तैयार – Chandigarh Carnival Begins Today: Head Out To The Carnival With Your Family Without A Worry 12 Parking Locations Are Ready
-22 नवंबर तक सेक्टर-10 के लेजर वैली सजेगा कार्निवल
ध्यान रखिए…साइकिल ट्रैक और पैदल रास्तों पर वाहन खड़े किए तो कटेगा चालान, गाड़ी भी होगी टो
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ कार्निवल में परिवार के साथ घूमने, रंगारंग कार्यक्रमों का आनंद लेने और यादगार पल बिताने का प्लान है तो आपके लिए अच्छी खबर है। इस बार गाड़ी खड़ी करने की परेशानी से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। बस घर से निकलने से पहले पार्किंग के ठिकाने जान लीजिए ताकि कार्निवल की मस्ती में कोई खलल न पड़े। सेक्टर-10 के म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी के सामने लेजर वैली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले चंडीगढ़ कार्निवल-2026 में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए 12 स्थानों पर पार्किंग और दो पिक एंड ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने इस बारे में एडवाइजरी की है।
आपकी सुविधा के लिए खास इंतजाम, बस रखें इन बातों का ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। साइकिल ट्रैक, पैदल रास्तों और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने से बचें। यहां पार्क किए गए वाहनों का चालान करने के साथ उन्हें टो भी किया जाएगा। कार्निवल के दौरान कुछ सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट या प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसलिए पहले से पार्किंग की जानकारी लेकर निकलें और बेफिक्र होकर कार्निवल का आनंद उठाएं।
जानिए… सेक्टर-10 से 17 तक कहां खड़ी करें गाड़ी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सेक्टर-10 में आर्मी टैंक के पास ओपन ग्राउंड, आर्ट कॉलेज के सामने कच्ची पार्किंग और स्केटिंग रिंग ग्राउंड में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सेक्टर-9 में चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड और यूटी सचिवालय के पीछे पार्किंग उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पंजाब पुलिस मुख्यालय के पीछे से केंद्रीय सदन तक और मध्य मार्ग पर सेक्टर-9 के एससीओ के सामने भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-16 में रोज गार्डन के मुख्य गेट के सामने और पीछे पार्किंग मिलेगी। वहीं सेक्टर-17 में होटल ताज के सामने, टीडीआई मॉल के सामने, मल्टीलेवल पार्किंग और अन्य निर्धारित स्थलों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
पिक एंड ड्रॉप के लिए दो जगह तय, इनका करें इस्तेमाल
कार्निवल में आने वाले लोगों को उतारने और वापस ले जाने के लिए दो स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें सेक्टर-9 स्थित कार्यालयों के पीछे और सेक्टर-10 में स्केटिंग रिंग के पीछे स्लिप रोड शामिल है। लोगों से अपील है कि सड़कों पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी न उतारें, बल्कि इन्हीं निर्धारित पिक एंड ड्रॉप पॉइंट का इस्तेमाल करें।
गाड़ी टो हुई तो 1073 पर करें फोन, हुड़दंग किया तो कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए कार पूलिंग, टैक्सी, कैब और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वाहन टो या क्लैंप होने पर ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1073 पर संपर्क किया जा सकता है। जाम के दौरान धैर्य रखने और बेवजह हॉर्न न बजाने की भी अपील की गई है। कार्निवल में हुड़दंग करने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। हालांकि, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही निर्बाध रखी जाएगी। मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ने पर भी व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
