शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:धारदार हथियार से महिला की हत्या – Woman Murdered With A Sharp-edged Weapon

November 20, 2026


फोटो-15-घटनास्थल पर जांच करती कोतवाली पुलिस व फॉरेंसिक टीम। संवाद

फोटो-16-मौके पर खून से सने पैर के निशान। संवाद

फोटो-17- घटनास्थल पर रोते बिलखते परिजन।संवाद

-बिधूना के सलेमपुर बंथरा गांव में घटना, कलाई कटी मिली, गर्दन में चोट के निशान

– सीओ , कोतवाल , एसओजी और फॉरेंसिक टीम ने की जांच, तलाशी जा रही वजह

संवाद न्यूज एजेंसी

बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर बंथरा गांव में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घर के आंगन में पेड़ के नीचे खून से लथपथ शव पड़ा मिला। महिला के बाएं हाथ की कलाई कटी हुई थी और गर्दन पर भी निशान मिले। मौके पर चूल्हे और जमीन पर खून के निशान मिले। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

गांव सलेमपुर निवासी हरी सिंह (50) की पहली पत्नी दिसंबर 2010 में उसे छोड़ कर दिल्ली चली गई थी। इसके बाद हरी सिंह ने जून 2011 में सदर कोतवाली क्षेत्र के मिहौली गांव निवासी पुनीता (35) से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से बेटा विवेक (22) व उसकी पत्नी कल्पना (21) हैं, जबकि दूसरी पत्नी पुनीता से बेटी विभा व दो बेटे दुर्गेश और आशिकी हैं।

हरी के अनुसार बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद विवेक और कल्पना कमरे में सोने चले गए थे, जबकि हरी सिंह पत्नी पुनीता व बच्चों के साथ कुछ दूरी पर बरामदे में लेटा था। रात करीब 10 बजे कुछ देर मोबाइल चलाने के बाद हरि सो गया था। शुक्रवार सुबह जब उसकी की नींद खुली तो आसपास खून पड़ा देख उसके होश उड़ गए। करीब दस कदम दूर आंगन में पेड़ के नीचे पत्नी पुनीता का लहूलुहान शव पड़ा देख उसकी चीख निकल गई।

चीख-पुकार सुनकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सीओ बिधूना, कोतवाल विनेश कुमार सिंह, एसओजी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पति समेत अन्य परिजन से पूछताछ की है। महिला के बाएं हाथ की कलाई कटी और गर्दन पर निशान मिलने के साथ आंगन में रखे चूल्हे पर खून व खून से सने पैर के निशान मिले हैं। पुलिस परिजन समेत अन्य के कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।

पति व बेटी के बयानों में मिला विरोधाभास

हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के पति व बेटी सहित अन्य परिजन से अगल-अलग पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पति व बेटी के बयानों में अंतर मिला है। इसके अलावा पति का कहना है कि पत्नी मोबाइल फोन नहीं रखती थी, जबकि ग्रामीणों में उसके मोबाइल फोन रखने की चर्चा रही।

छह लोगों के बीच कैसे हो गई वारदात

बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए थे। आरोप है कि देर रात महिला की हत्या कर दी गई, लेकिन घर में मौजूद छह लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पति का दावा है कि गांव में उसकी किसी से कोई रंजिश या झगड़ा नहीं है। ऐसे में पुलिस की जांच की सुई घर के सदस्यों के इर्द-गिर्द घूम रही है।

वर्जन

हत्या के मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। परिजन से अलग-अलग पूछताछ की गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।- पी पुनीत मिश्रा, सीओ बिधूना

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X