पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने ताजा बयानों से एक नई बहस छेड़ दी है। कभी आतंकवाद, अलगाववाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर बेहद सख्त रुख अपनाने वाले कैप्टन अब सिख समुदाय से जुड़े कुछ बेहद संवेदनशील मामलों पर अलग राजनीतिक और मानवीय दृष्टिकोण पेश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के करीब एक सप्ताह बाद एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में उन्होंने खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को जेल में बंद रखने की कार्रवाई को गलत बताया और सवाल उठाया कि किसी व्यक्ति की विचारधारा से असहमति होने पर उसे जेल में डालना कितना उचित है?
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी ठहराए गए जगतार सिंह हवारा की करीब 31 साल की कैद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आखिर किसी व्यक्ति को कब तक जेल में रखा जाएगा? क्या उसे जेल में ही मरने का इंतजार किया जाएगा?