सौरिख। प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए शनिवार को जिला स्तरीय चयन ट्रायल होगा। जिला खेल कार्यालय की ओर से सौरिख स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 10 बजे से चयन प्रक्रिया शुरू होगी।
ट्रायल में जिले के इच्छुक कबड्डी खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए किया जाएगा। यह ट्रायल 22 नवंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से होगा। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी 27 से 29 नवंबर तक होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी रामकुमार ने खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर स्टेडियम पहुंचने की अपील की है। ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रति लाना अनिवार्य है। वैध दस्तावेज न होने पर खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा। चयन से संबंधित अन्य जानकारी के लिए खिलाड़ी कार्यदिवस में सौरिख स्पोर्ट्स स्टेडियम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।