शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:छाती में लगी ईंट, थाने ले जाते हुए बिगड़ी हालत, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत – Brick Struck The Chest; Condition Worsened While Being Taken To The Police Station; Death Occurred Due To A Heart Attack

November 20, 2026


छपार (मुजफ्फरनगर)। छपार गांव में बृहस्पतिवार रात बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद मजदूर हारुण (55) के घर पर पड़ोसियों ने पथराव कर दिया। हमले में एक ईंट मजदूर की छाती में लग गई। हमलावर फरार हो गए। पुलिस मजदूर और उसकी पत्नी को घर से थाने लेकर जा रही थी, इस बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई।

गंभीर हालत में पुलिस और परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक आया है। पुलिस ने एक ही परिवार के साथ आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

छपार में हारुण और पड़ोसी अनवर पक्ष के बीच नाली को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों के घरों के बीच दीवार छोटी है। रात के समय बच्चों के बीच कहासुनी हो गई, इसके बाद विवाद बढ़ गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया। मजदूर हारुण, उसकी पत्नी गुलशाना, पुत्रवधू वजीहा, भतीजी मुस्कान और पुत्र शब्बीर चोटिल हो गए। झगड़े की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन और छपार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

हमलावर भाग गए। चोटिल हारुण और उसकी पत्नी को पुलिस अपनी गाड़ी में लेकर दूसरे पक्ष पर कार्रवाई के लिए थाने लेकर आ रही थी। रास्ते में ही मजदूर की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में पुलिस और परिजन पहले भारत मेडिकल लेकर पहुंचे लेकिन यहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में हारुण को मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिटी ने बताया कि गुलशाना की तहरीर पर आरोपी अनवर, उसके बेटे फरहान, पत्नी इमरानी, बेटी रुखसार, रेशमा पत्नी नय्यूम, नौशादी पत्नी साबिर और राबिया पत्नी फरहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

हारूण मजदूरी करता था उसके परिवार में पुत्र तालिब दो पुत्रियां सुमैय्या व सिवाया हैं। एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है।

————

पोस्टमार्टम रिपोर्ट : निशान नहीं, हार्टअटैक

छपार। मामले के विवेचक एसओ छपार मोहित सहरावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान नहीं मिले है। मौत की वजह हार्टअटैक बताई गई। रिपोर्ट का अवलोकन किया जा रहा है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजन साथ थे, हारुण को पहले भारत मेडिकल में दिखा गया था लेकिन यहां से रेफर कर दिया गया था।

————

आरोपी दबोचे, मजदूर को किया सुपुर्द ए खाक

सीओ सदर सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शुक्रवार सुबह 10 बजे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। इस दौरान गांव में पुलिसबल तैनात किया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X