शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नीट धांधली:बायोमीट्रिक हेराफेरी करने वाला आरोपी संतोष कुमार गिरफ्तार – Neet Ug Scam Bihar Biometric Employee Arrested Fingerprint Fraud
पटना

नीट धांधली:बायोमीट्रिक हेराफेरी करने वाला आरोपी संतोष कुमार गिरफ्तार – Neet Ug Scam Bihar Biometric Employee Arrested Fingerprint Fraud

November 20, 2026


राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी धांधली मामले में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने एक और आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। वह परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक कर्मी के रूप में तैनात था और मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के लिए फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी करता था। इस फर्जीवाड़े के एवज में गिरोह प्रति अभ्यर्थी 12 से 30 लाख रुपये तक की भारी रकम वसूलता था। ईओयू ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार संतोष कुमार वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कटरा का निवासी है। जांच में सामने आया कि वह परीक्षा के दिन डाटा मिलान करने से लेकर अभ्यर्थियों के बायोमीट्रिक सत्यापन में जानबूझकर गड़बड़ी करता था।

फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी

जांच में सामने आया है कि गिरोह परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान ही मूल अभ्यर्थी और फर्जी परीक्षार्थी (स्कॉलर) के बीच सांठगांठ कर लेता था। इसके बाद कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों की सहायता से मूल अभ्यर्थी के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी का बायोमीट्रिक विवरण अपडेट करा दिया जाता था।

सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा न पकड़ा जाए, इसके लिए फोटो मिक्सिंग तकनीक के माध्यम से अभ्यर्थियों की पहचान बदल दी जाती थी। पूरे प्रकरण में लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा जिलों के बायोमीट्रिक वेंडरों की संलिप्तता भी उजागर हुई है। इसके अतिरिक्त नीट काउंसलिंग में नामांकन पाने के लिए फर्जी आय, दिव्यांगता और जाति प्रमाणपत्र बनवाने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी ईओयू गहराई से पड़ताल कर रही है।

प्राथमिकियों की जांच ईओयू के पास

ईओयू के अनुसार नीट परीक्षा में धांधली को लेकर 3 मई को नालंदा जिले के गिरियक (पावापुरी) थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद 21 जून को आयोजित नीट की पुनर्परीक्षा में हुई अनिमियतताओं को लेकर लखीसराय के कवैया थाने में दो और किउल थाने में एक मामला दर्ज किया गया था। शुरुआत में इन चारों मामलों का अनुसंधान संबंधित जिलों की पुलिस कर रही थी, जिसे बाद में विस्तृत जांच के लिए ईओयू को सौंप दिया गया।

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, पावापुरी के डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि संतोष कुमार तथा अन्य सहयोगियों की मदद से परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाया जाता था। इस मामले में डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ईओयू गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए लगातार जांच आगे बढ़ा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X