धमतरी:मोबाइल चलाने की बात पर भाइयों में विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर छोटे भाई की हत्या की – Heartless Elder Brother Beats His Own Younger Brother To Death With A Stick; Accused Arrested

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
October 29, 2026

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई की हत्या का मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम फरसगांव में मोबाइल चलाने की बात को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल चलाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कुंदन सोरी 25 अक्टूबर को अपने घर में मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई कैलाश सोरी ने उसे मोबाइल बंद करने और समय बर्बाद नहीं करने की बात कही। इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर कैलाश ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से कुंदन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में कुंदन के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में फैली सनसनी, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना खल्लारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लिया। पूछताछ और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद फरसगांव सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। मामूली बात को लेकर हुए विवाद के हिंसक रूप लेने और युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
November 13, 2026
कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा विस्तार धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता […]
November 12, 2026
छात्रावास अधीक्षकों ने 24 घंटे ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश, पदोन्नति, कैडर पुनर्गठन और मेस बजट में कटौती जैसी समस्याओं को उठाते हुए शासन को चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
November 12, 2026
धमतरी जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों पर जानलेवा हमले के मामले सामने आए हैं। पहली घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी की है, जहां मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक ने बुजुर्ग पर साइकिल के धारदार स्पोक से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वहीं दूसरी […]
