Kotdwar News:हादसों के बाद भी गोखले मार्ग पर नहीं थम रहा ओवरलोड वाहनों का प्रवेश – Even After Accidents, The Entry Of Overloaded Vehicles Onto Gokhale Marg Continues Unabated
पूर्व में हो चुकी घटनाओं से किसी ने नहीं लिया सबक, लोग झेल रहे परेशानी, हादसे का रहता है डर
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। बाजार में छिटपुट घटनाएं होने और कई बड़े हादसे टलने के बाद भी संकरे मार्गों पर सघन आवाजाही के बीच ओवरलोड वाहनों के पहुंचने का सिलसिला नहीं थमा है। एक साथ कई वाहनों के पहुंचने से बाजार आए लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।
कोटद्वार में फल-सब्जी एवं दैनिक कार्यों में घरेलू उपयोग में आने वाले सामान की खरीद के लिए लोग सबसे पहले गोखले मार्ग पर पहुंचते हैं। दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम रहती है जबकि सुबह व शाम के समय काफी लोग खरीदारी करने के लिए गोखले मार्ग पर लगी फल-सब्जी की फड़ों पर पहुंचते हैं। ऐसे में यहां पहुंचने वाले ओवरलोड वाहनों से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सितंबर में फल-सब्जी से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर एक स्कूटी को रौंदता और एक राहगीर को टक्कर मारता हुआ दो दुकानों के बाहर रखे सामान में घुस गया था। खरीदारी के लिए आई एक महिला के पैर पर पिकअप वाहन का पहिया चढ़ गया था। इसके बाद भी बाजार की आवाजाही के बीच वाहन लेकर पहुंचने वाले नहीं रुक रहे हैं। रोजाना सुबह नौ बजे से 11 बजे तक एक-एक कर कई ओवरलोड वाहन बाजार में पहुंच रहे हैं। इनमें मानक से अधिक ऊंचाई तक सामान लदा होने और कोई हेल्पर नहीं होने से स्थिति चिंताजनक बनी है।
.कोट
– ओवरलोड वाहनों को बाजार में नहीं आने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को रोकने और कार्रवाई करने के यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। -संदीप तोमर, यातायात निरीक्षक, कोटद्वार।
