ललितपुर। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन कमलेश चौधरी और प्रधानाचार्य ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषणों के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष, अदम्य साहस और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने मनु से झांसी की रानी बनने तक के उनके प्रेरणादायी जीवन का वर्णन करते हुए मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया। चेयरमैन कमलेश चौधरी ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई नारी शक्ति, स्वाभिमान और निर्भीकता की प्रतीक हैं। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। प्रधानाचार्य ने कहा कि महापुरुषों और वीरांगनाओं की जयंती पर होने वाले आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और देशप्रेम की भावना विकसित करते हैं। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।