रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
JSW की पहली SUV का टीजर जारी! 360bhp की पावर और बॉक्सी लुक के साथ आएगी Combat
ऑटो

JSW की पहली SUV का टीजर जारी! 360bhp की पावर और बॉक्सी लुक के साथ आएगी Combat

November 21, 2026


JSW Motors ने इंडियन ऑटो मार्केट में अपनी पारी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है. कंपनी ने अपनी पहली कार JSW Combat का पहला ऑफिशियल टीजर जारी कर दिया है. ये SUV 3 दिसंबर 2026 को भारत में डेब्यू करेगी. टीजर में गाड़ी के फ्रंट डिजाइन की झलक देखने को मिली है, जो अपने बॉक्सी लुक, चौड़े बोनट और दमदार रोड प्रेजेंस के साथ काफी आकर्षक नजर आती है.

इसके अलावा, एक ऐड शूट के दौरान सामने आई नई तस्वीरों में SUV के रियर डिजाइन और JSW की ब्रांडिंग का भी खुलासा हुआ है. ये मॉडल ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली Jetour T2 पर बेस्ड होगा. खास बात ये है कि इसमें प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है. आइए इस अपकमिंग SUV के डिजाइन, फीचर्स, इंजन और संभावित कीमत से जुड़ी डिटेल जानते हैं.

एक्सटीरियर डिजाइन कैसा है?

कंपनी ने अपने पहले टीज़र में SUV को ऑरेंज बैकग्राउंड के साथ पेश किया है. इसके साथ ‘A Moment That Moves Bharat’ टैगलाइन दी गई है. टीज़र में सामने की तरफ चौड़ी ग्रिल पर बड़े अक्षरों में COMBAT लिखा दिखाई देता है. इसके दोनों तरफ स्क्वायर शेप वाले हेडलैंप हाउसिंग और LED लाइटिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं. SUV में फ्लैट बोनट, सीधा विंडस्क्रीन, बड़े ORVMs, रूफ रेल्स और मस्कुलर व्हील आर्च देखने को मिलते हैं. इसका ओवरऑल डिजाइन काफी हद तक Jetour T2 जैसा है.

पीछे की तरफ मिलेगी स्पेयर व्हील माउंटिंग

नई तस्वीरों में इसके रियर डिजाइन की भी जानकारी सामने आई है. SUV में टेलगेट पर बाहर की तरफ स्पेयर व्हील दिया गया है, जिसके कवर पर COMBAT की ब्रांडिंग दिखाई देती है. वहीं, टेलगेट के बाईं तरफ JSW का नाम नज़र आता है. इसके अलावा, वर्टिकल LED टेललैंप, बड़ा रियर बंपर, ब्लैक क्लैडिंग, रूफ स्पॉयलर और रियर वाइपर जैसे एलिमेंट्स मिलते हैं. इसका बॉक्सी सिल्हूट इसे एक पारंपरिक ऑफ-रोड SUV जैसा लुक देता है.

इंजन और परफॉर्मेंस

इस SUV में 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 18.4kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है. ये प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन करीब 360bhp की पावर और 610Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है. इसके साथ 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन मिलने की संभावना है.

इंटरनेशनल Jetour T2 के आधार पर इसकी इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज लगभग 90 किलोमीटर हो सकती है. हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल की फाइनल रेंज और पावरट्रेन डिटेल्स का खुलासा कंपनी ने नहीं किया है.

फीचर्स और इंटीरियर में क्या मिलेगा?

इसका केबिन भी Jetour T2 से काफी मिलता-जुलता हो सकता है. इसमें 15.6-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.6-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीट्स, 12-स्पीकर साउंड सिस्टम, 540-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. हालांकि, भारत में मिलने वाले फीचर्स की ऑफिशियल डिटेल्स अभी सामने नहीं आई है.

JSW Combat SUV का भारत में डेब्यू 3 दिसंबर 2026 को होगा. इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत करीब 40 लाख रुपये हो सकती है. इसका मुकाबला प्रीमियम SUV सेगमेंट की गाड़ियों से होगा. कंपनी इसकी मैन्युफैक्चरिंग महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित प्लांट में कर सकती है. फिलहाल इसकी बुकिंग, वेरिएंट और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी सामने आना अभी बाकी है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X