गले में मोटी सोने की चेन, हाथों में कंगन, शरीर पर 6.3 KG सोना, राजा भैया की रामकथा में छाए ‘Golden Man’!
Last Updated:
बिहार के गोल्डन मैन प्रेम कुमार सिंह राजा भैया की रामकथा में 6.3 किलो सोना पहनकर पहुंचे. उनके गहनों की कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गए. जानिए कौन हैं ‘गोल्डन मैन’ क्यों हैं सोने के इतने शौकीन.
शरीर पर 6.3 KG सोना पहन राजा भैया के यहां पहुंचे गोल्डन मैन
किसी धार्मिक आयोजन में आमतौर पर लोगों का ध्यान कथा, भजन और संतों के प्रवचनों पर रहता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में आयोजित एक श्रीराम कथा में एक ऐसे शख्स की एंट्री हुई, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। उनके कपड़े नहीं, बल्कि शरीर पर लदे सोने के गहने चर्चा का विषय बन गए. गले में मोटी-मोटी सोने की चेन, हाथों में भारी कंगन और कई तरह के आभूषण पहनकर पहुंचे इस शख्स को देखकर हर कोई हैरान रह गया. इनकी पहचान बिहार के गोल्डन मैन के रूप में है. इनका नाम प्रेम कुमार सिंह है और बताया जा रहा है कि इनके शरीर पर करीब 6.3 किलो सोना था, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
दरअसल, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा में बिहार के प्रेम कुमार सिंह भी पहुंचे थे. वह अपने खास अंदाज में कथा स्थल पर आए. उनके गले में सोने की कई मोटी चेन थीं, जबकि हाथों में भारी कंगन और उंगलियों में अंगूठियां नजर आ रही थीं. शरीर पर इतने सारे सोने के आभूषण देखकर वहां मौजूद लोग उन्हें देखते रह गए. धीरे-धीरे कथा स्थल पर उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी. कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था, तो कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए आगे आ रहा था. धार्मिक आयोजन के बीच प्रेम कुमार सिंह की मौजूदगी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई. उनके अनोखे पहनावे और सोने के शौक ने रामकथा में खूब सुर्खियां बटोरीं.
शरीर पर पहन रखे थे 6.3 किलो सोने के गहने
प्रेम कुमार सिंह के शरीर पर सोने के भारी-भरकम आभूषण दिखाई दे रहे थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 6.3 किलो सोना पहन रखा था, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है. उनके गहनों में मोटी सोने की चेन, कंगन, अंगूठियां और हनुमान जी का एक खास लॉकेट शामिल है. उनका यह अंदाज ही उन्हें दूसरे लोगों से अलग पहचान दिलाता है. जहां आमतौर पर लोग सोने के गहने शादी-ब्याह या खास मौकों पर पहनते हैं, वहीं प्रेम कुमार सिंह अपने सोने के शौक के लिए जाने जाते हैं. यही वजह है कि उन्हें बिहार का गोल्डन मैन कहा जाता है.
कौन हैं प्रेम कुमार सिंह?
प्रेम कुमार सिंह बिहार के भोजपुर जिले के बासदेवपुर गांव के रहने वाले हैं. पेशे से वह किसान और सरकारी ठेकेदार हैं. सोने के गहने खरीदने और उन्हें पहनने के अपने अनोखे शौक की वजह से वह पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उनका सोने के प्रति लगाव सिर्फ चेन, कंगन और अंगूठियों तक सीमित नहीं है. बताया जाता है कि उनके पास 24 कैरेट सोने की परत चढ़ी एक खास बुलेट बाइक भी है. इस बाइक का अंदाज भी उनके शौक को दर्शाता है. प्रेम कुमार सिंह के पास दर्जनों सोने की चेन, अंगूठियां और कड़े हैं। इसके अलावा हनुमान जी का विशेष लॉकेट भी उनके गहनों का हिस्सा है। इन आभूषणों की कुल कीमत करोड़ों रुपये में बताई जाती है. उनका यह शौक ही उन्हें बिहार के दूसरे लोगों से अलग पहचान दिलाता है. प्रतापगढ़ की रामकथा में भी जब वह सोने से सजे अपने खास अंदाज में पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों के बीच उनकी खूब चर्चा हुई. लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए. इस तरह धार्मिक आयोजन में पहुंचे बिहार के गोल्डन मैन अपने अनोखे अंदाज की वजह से आकर्षण का केंद्र बन गए.

मैं निशांत कुमार, News18 Hindi में पत्रकार हूं. फिलहाल मैं यहां ऑफबीट सेक्शन में हूं. मुझे विदेश (इंटरनेशनल) से जुड़ी खबरों में भी गहरी रुचि है. खबरों से संबंधित किसी भी जानकारी या संपर्क के लिए आप मुझे इस ईमेल…
और पढ़ें
