Sonipat News:बच्चों की जेब खर्च से तैयार कबड्डी मैदान उजाड़ा, खिलाड़ियों में रोष – Kabaddi Ground Built With Children’s Pocket Money Destroyed, Players Angry
– भदाना में 50-60 बच्चों ने तीन माह पहले करीब 40 हजार रुपये जुटाकर तैयार किया था मैदान
– रातोंरात मिट्टी हटाकर दूसरे मैदान में डाली, बुलडोजर व ट्रैक्टर के निशान छोड़ गए
– रक्षक सेना ने बच्चों के समर्थन में उतरकर मैदान बहाल कराने का दिया आश्वासन
फोटो 36: सोनीपत के गांव भदाना के राजकीय विद्यालय में कबड्डी मैदान उजाड़े जाने पर रोष जताते खिलाड़ी। स्रोत: पाठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव भदाना के राजकीय विद्यालय में बच्चों की मेहनत और सहयोग से तैयार कबड्डी मैदान को उजाड़ने का मामला सामने आया है। करीब तीन माह पहले गांव के 50-60 बच्चों ने अपनी जेब खर्च से लगभग 40 हजार रुपये जुटाकर उत्तम दहिया कबड्डी अकादमी के सहयोग से मैदान तैयार करवाया था। आरोप है कि 19 नवंबर की रात बिना किसी पूर्व सूचना के मैदान की मिट्टी हटाकर दूसरी जगह डाल दी गई। इससे नियमित अभ्यास करने वाले बच्चों को परेशानी हो रही है। मामले में रक्षक सेना भी बच्चों के समर्थन में उतर आई है और मैदान को दोबारा तैयार करवाने के लिए सहयोग का भरोसा दिया।
अकादमी के प्रशिक्षक उत्तम दहिया के अनुसार, बच्चों ने सेवा पखवाड़े के दौरान प्राचार्य से अनुमति लेकर अपनी जेब खर्च से करीब 40 हजार रुपये एकत्रित किए थे। ग्राम पंचायत से भी मैदान तैयार करने की अनुमति ली गई थी। इसके बाद मिट्टी डलवाकर कबड्डी मैदान तैयार किया गया, जहां रोजाना सुबह और शाम 50 से 60 बच्चे अभ्यास करते थे। इनमें छोटी उम्र के खिलाड़ी और लड़कियां भी शामिल थीं। उनका कहना है कि यह मैदान किसी सरकारी योजना या ठेकेदार के सहयोग से नहीं, बल्कि बच्चों के पैसे, मेहनत और खेल के प्रति लगन से तैयार हुआ था।
सम्मानित किए गए खिलाड़ी अब पूछ रहे सवाल
अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाले बच्चों को हाल ही में जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि राजवीर दहिया और वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि की ओर से सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया था। अब वही खिलाड़ी सवाल उठा रहे हैं कि जिस मैदान और अकादमी को प्रोत्साहन दिया गया, उसे उजाड़ने की जरूरत क्यों पड़ी। प्रशिक्षक ने कहा कि मैदान हटाने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि मैदान किसके आदेश पर और किस उद्देश्य से हटाया गया। उन्होंने पंचायत, विद्यालय प्रबंधन और प्रशासन से मैदान को जल्द बहाल करवाने की मांग की है।
मंत्री और विधायक तक पहुंचाएंगे बच्चों की आवाज
रक्षक सेना प्रमुख मनजीत तिहाड़ा ने मैदान उजाड़ने की घटना पर दुख जताते हुए अकादमी और बच्चों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। रक्षक सेना इस मामले को कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक पवन खरखौदा, उपायुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचाएगी तथा शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करवाने का प्रयास करेगी।
विद्यालय के प्राचार्य से इस मामले में बातचीत हुई है। पंचायत विभाग की ओर से उक्त स्थान पर वालीबॉल मैदान तैयार करवाया जाएगा। यह कार्रवाई सरपंच के नेतृत्व में की गई है और पंचायत विभाग के जेई ने वॉलीबॉल मैदान के लिए जगह की पैमाइश भी पूरी कर ली है।
अनिल वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी,
