Sonipat News:टक्कर मारकर हत्या का दूसरा आरोपी गिरफ्तार – Second Suspect In Hit-and-run Case Arrested
खरखौदा। कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या करने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी गांव पिपली निवासी नवीन उर्फ बोना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि पिपली गांव निवासी रवि ने 7 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि 4 नवंबर की रात साढ़े नौ बजे उनके पास अनिल का फोन आया था। उसने बताया कि उनका छोटा भाई विक्रम गांव पिपली के खेत में बेहोशी की हालत में पड़ा है।
वह मौके पर पहुंचे तो विक्रम के सिर पर गहरी चोट लगी हुई थी, उनका हाथ बुरी तरह घायल था और पैर भी टूटा हुआ था। गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई, रोहतक में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां पर 7 नवंबर की रात को उनकी मौत हो गई थी।
शिकायतकर्ता रवि ने आरोप लगाया था कि घटना के समय विक्रम के साथ मोनू और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। वह खेत में घूमकर लौट रहे थे कि नवीन, बीरभान और प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से उन्हें टक्कर मार दी थी। इसमें विक्रम और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अब आरोपी नवीन को गिरफ्तार किया गया है।
