तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर डौनी बल गैंग का गुर्गा अमनदीप उर्फ हैप्पी बामन जीरकपुर के होटल केएमजी में पिछले तीन दिन से छिपा हुआ था। वह अपनी महिला साथी के साथ होटल में रह रहा था। उसने महिला साथी की आईडी पर होटल में कमरा लिया हुआ था।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद महिला साथी को भी हिरासत में ले लिया है। एजीटीएफ ने 82 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद जाल बिछाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला साथी हैप्पी बामन के लिए इनफॉर्मर के तौर पर काम कर रही थी और उसे लॉजिस्टिक सहायता मुहैया करवा रही थी।
तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के बाद वह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और हर अपडेट हैप्पी बामन तक पहुंचा रही थी। पुलिस ने महिला के खिलाफ भी केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के बाद तरनतारन पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके अलावा मोबाइल टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। जांच में गैंगस्टर डौनी बल गैंग से जुड़े हैप्पी बामन का नाम सामने आया। इसके बाद एजीटीएफ ने उसकी तलाश में करीब 82 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी जांच के दौरान उसके जीरकपुर में छिपे होने का इनपुट मिला।