रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:27 पर लगाई थी गैंगस्टर, कोर्ट से फटकार, अब खुद की खामियां तलाशेगी पुलिस – Invoked The Gangsters Act Against 27 Individuals Faced A Reprimand From The Court Now The Police Will Look Into Their Own Shortcomings

November 21, 2026


सहारनपुर। टपरी स्थित शराब फैक्टरी कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड से करीब 35 करोड़ रुपये की एक्साइज चोरी मामले में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देहात कोतवाली पुलिस को बड़ा झटका दिया है। हाईकोर्ट ने पुलिस को फटकार लगाते हुए गैंगस्टर एक्ट में दर्ज प्राथमिकी और गैंग चार्ट को निरस्त कर दिया है। कोर्ट का फैसला आने के बाद अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई में रह गई कमियों को दूर करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नौ दिसंबर 2025 को देहात कोतवाली के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने जिलाधिकारी के अनुमोदन पर टपरी स्थित शराब फैक्टरी कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड मालिक, आबकारी विभाग के अधिकारी सहित 27 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। आरोप था कि 35 करोड़ रुपये की एक्साइज चोरी और अवैध शराब का निर्माण किया गया। इसमें संबंधित जिले के रहने वाले कुछ आरोपियों की संपत्ति को भी कुर्क किया था। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देहात कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट की प्राथमिकी और उसके आधार पर गैंग चार्ट को निरस्त कर दिया है।

कोर्ट ने माना कि मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे आरोप तो सामने आए, लेकिन आरोपियों की ओर से धमकी देने, हिंसा करने, भय पैदा करने या दबाव बनाने जैसे साधनों के इस्तेमाल का आरोप स्थापित नहीं किया गया। गैंग चार्ट की मंजूरी में हाईकोर्ट को स्वतंत्र विवेक का भी अभाव पाया गया है। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद पुलिस के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर मूल मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाना है, वहीं दूसरी ओर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए परीक्षण करना है। पुलिस अब हाईकोर्ट के आदेश का अध्ययन कर उन बिंदुओं को देखेगी, जिनके आधार पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई को चुनौती मिली है। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई में कहां कमी रही। अब पुलिस दोबारा रिपोर्ट तैयार करेगी या फिर आरोपियों के खिलाफ लगाई गई गैंगस्टर हटाएगी।

———

— इनके खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी

एमडी प्रणय अनेजा, यूनिट हेड उपेंद्र गोविंद राव, बॉटलिंग प्रभारी हरिशरण तिवारी, बारकोड डिस्पैचर अरविंद कुमार, क्वालिटी कंट्रोलर संजय कुमार शर्मा, ईटीपी प्रभारी मांगेराम त्यागी, ट्रांसपोर्टर एसबीटीसी जयभगवान शर्मा, ट्रक चालक गुलशेर, अशोक कुमार कश्यप, कमल डेनियल, वीरेंद्र शंखधर, सत्यवान शर्मा उर्फ सत्यभान, अश्वनी कुमार उपाध्याय, संतलाल जायसवाल, अजय जायसवाल, मनोज जायसवाल, अशोक दीक्षित, रवींद्र किशोर, जगराम पाल, तत्कालीन आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, राकेश कुमार चतुर्वेदी, टीएस सोमशेखर, कुलदीप सिन्हा, प्रदीप गुप्ता व मनीष उर्फ मिंटू जायसवाल।

——–

पहले कोर्ट के आदेश का अवलोकन किया जाएगा। उसमें देखा जाएगा कि किन-किन बिंदुओं में कमी रही है। जो भी कमी मिलेगी, उन्हें पूरा किया जाएगा।

व्योम बिंदल, एसपी सिटी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X