Rewari News:दिल्ली सराय-जयपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन चार ट्रिप बढ़ाया – Operation Of The Delhi Sarai-jaipur Special Train Extended By Four Trips
रेवाड़ी। देवउठनी एकादशी पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी (जयपुर)-दिल्ली सराय अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संचालन चार ट्रिप के लिए बढ़ा दिया है। इससे रेवाड़ी सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पहले इस ट्रेन का संचालन तीन ट्रिप के लिए निर्धारित किया गया था।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 21 नवंबर तक दिल्ली सराय से रात 11 बजकर 55 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी।
वहीं, ढेहर का बालाजी-दिल्ली सराय अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 22 नवंबर तक सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर दोपहर 2 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस और चौमूं सामोद रेलवे स्टेशन पर ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 14 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 16 डिब्बे होंगे। रेलवे के इस निर्णय से एकादशी के अवसर पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
