राजस्थान पंचायत चुनाव:ईवीएम में खराबी से इन चार बूथों पर दोबारा मतदान, इस दिन आजमाएंगे प्रत्याशियों की किस्मत – Evm Glitch Forces Re-polling At Five Booths In Kotputli-behror And Khairthal-tijara On November 22
पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव में मतगणना के दौरान ईवीएम मशीनों में आई तकनीकी खराबी ने चार बूथों का चुनाव परिणाम अटका दिया। अब इन बूथों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला दोबारा मतदान के बाद होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चार मतदान बूथों पर हुए मूल मतदान को शून्य घोषित करते हुए 22 नवंबर को पुनर्मतदान करवाने के आदेश जारी किए हैं।
आयोग के आदेशानुसार जिला परिषद कोटपूतली-बहरोड़ के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 19 के बूथ संख्या 44, पंचायत समिति नारायणपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 07 के बूथ संख्या 34 तथा पंचायत समिति पावटा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 11 के बूथ संख्या 39 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 30 पर पुनर्मतदान होगा।
दरअसल, 20 नवंबर याकि आज को इन बूथों पर मतगणना होनी थी, लेकिन ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते कुछ मत प्रदर्शित नहीं हो सके और परिणाम जारी नहीं किया जा सका। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट पर राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरे मामले की समीक्षा की। आयोग के अनुसार मशीनों में अप्रदर्शित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों के बीच मतों के अंतर से अधिक थी। इसके बाद संबंधित सदस्य पदों के लिए मूल मतदान को शून्य घोषित करने का निर्णय लिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। इसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। पुनर्मतदान के लिए मतदान दल 21 नवंबर को जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिला परिषद सदस्य की मतगणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर होगी।
आयोग ने निर्देश दिए हैं कि पुनर्मतदान की सूचना संबंधित प्रत्याशियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित में दी जाए। इसके अलावा ढोल बजवाकर और अन्य माध्यमों से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पुनर्मतदान में केवल वही मतदाता मतदान कर सकेंगे, जो मूल मतदान के समय संबंधित बूथ के लिए अधिकृत थे। मूल मतदान में लगाई गई अमिट स्याही के निशान की अनदेखी की जाएगी तथा इस बार मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। मूल मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ततारपुर के एक बूथ पर भी पुनर्मतदान
इसी प्रकार खैरथल-तिजारा जिले की पंचायत समिति ततारपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 80 पर भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतगणना परिणाम जारी नहीं हो सका। आयोग ने यहां भी मूल मतदान शून्य घोषित करते हुए 22 नवंबर को पुनर्मतदान करवाने का निर्णय लिया है। यहां भी सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान और रात 9 बजे से मतगणना होगी। इस तरह दोनों जिलों में कुल पांच बूथों पर दोबारा मतदान करवाया जाएगा।
