रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान न्यूज:बहरोड़ में डंपर से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल – Behror Dumper Car Accident Three Youths Killed Two Injured
कोटपूतली-बहरोड़

राजस्थान न्यूज:बहरोड़ में डंपर से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल – Behror Dumper Car Accident Three Youths Killed Two Injured

November 25, 2026


behror dumper car accident three youths killed two injured

(प्रतीकात्मक फोटो)

विस्तार

जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दहमी पुलिया के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों युवक कार में सवार होकर शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और डंपर जब्त कर जांच शुरू कर दी।

मृतक देवेंद्र के भाई सचिन के अनुसार, देवेंद्र कुमार, हेमंत कुमार, हरीश कुमार, हर्ष कुमार और साहिल कुमार कार से भगवाड़ी गांव में अपने चचेरे भाइयों के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह से लौटते समय पांचों युवक हरीश कुमार की कार से अपने गांव भुंडनवाड़ा कलां जा रहे थे।

सड़क के बीच अचानक रोक दिया डंपर

बताया गया कि कार दहमी पुलिया से नीचे उतर रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे डंपर के चालक ने बिना ब्रेक लाइट या इंडिकेटर का संकेत दिए अचानक वाहन सड़क के बीच में रोक दिया। इससे पीछे चल रहा कार चालक संभल नहीं पाया और कार सीधे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तीन युवकों की मौत

सब इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए पार्क अस्पताल बहरोड़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने देवेंद्र कुमार और हेमंत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में हरीश कुमार को अलवर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल हर्ष कुमार का निम्स अस्पताल और साहिल कुमार का नीमराना स्थित सतीश अस्पताल में उपचार जारी है। परिवादी ने डंपर चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर जब्त कर लिया है। मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X