बिहार:छह महीने पहले ब्याही नवविवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; ससुराल वाले फरार – Darbhanga Newlywed Woman Suspicious Death Singhwara Husband Absconding
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के मनकौली गांव में छह महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से मृतका का पति किशन सहनी समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया है।
छह महीने पहले हुई थी शादी, पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
मृतका की पहचान किशन सहनी की पत्नी गुंजा कुमारी (22) के रूप में हुई है। उसका मायका मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के महुआरा गांव में है। करीब छह महीने पहले ही गुंजा की शादी किशन सहनी के साथ धूमधाम से हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और मारपीट भी होती रहती थी। हालांकि, नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, ससुराल वालों पर लगाए आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके वाले मनकौली गांव स्थित ससुराल पहुंचे। पिता रंजीत सहनी ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि बेटी की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। घटना की सूचना देने के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दान-दहेज देकर छह महीने पहले बेटी की शादी की थी। इसके बावजूद ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया और फरार हो गए। गुंजा चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। बेटी की मौत के बाद मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, आवेदन का इंतजार कर रही पुलिस
ग्रामीणों की सूचना पर सिंहवाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
