बिहार:दरभंगा में सीआरपीएफ जवान की पत्नी की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप में पति और ससुर गिरफ्तार – Crpf Jawan His Father Arrested Murdering Wife Darbhanga News
दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के कोयलास्थान गांव में एक सीआरपीएफ जवान पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। मृतका के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति पिंटू यादव और उसके पिता सुरेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। 34 वर्षीय रिंकू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के पिता रामनारायण यादव ने बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार धूमधाम से दान-दहेज देकर की थी। हालांकि, शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगे थे। उन्होंने बताया कि घटना के दिन उनके दामाद ने फोन कर जानकारी दी कि रिंकू की हालत नाजुक है और वे लोग जल्द पहुंचें। जब तक परिवार के सदस्य वहां पहुंचे, उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
वहीं, मृतका के भाई मन्नू कुमार यादव ने बताया कि उनके बहनोई और बहन के ससुर लगातार पैसों की मांग कर रहे थे। परिवार ने कई बार ससुराल जाकर सामाजिक स्तर पर बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
पढे़ं: आज अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी, घुड़दौड़ के लिए तैयार हुआ मैदान, मेहमानों के लिए बन रहे दो हेलिपैड
मन्नू कुमार ने आरोप लगाया कि बहन की मौत के बाद उसके चेहरे, गाल, पीठ और कमर पर चोट के गहरे निशान दिखाई दे रहे थे। घटना के बाद बहनोई ने फोन कर बताया था कि रिंकू सीढ़ी से गिर गई है और उसका इलाज चल रहा है। परिवार के लोग जब वहां पहुंचे तो रिंकू मृत अवस्था में पड़ी थी।
उन्होंने बताया कि रिंकू के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। उनके मुताबिक, बहनोई दशहरा की छुट्टी में घर आए थे और छुट्टी खत्म होने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटे थे। मन्नू ने दावा किया कि वर्ष 2014 में शादी के दौरान 25 लाख रुपये नकद, सोने के गहने और अन्य सामान दहेज में दिया गया था।
इस संबंध में केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मामले में आरोपी पति और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
