जगदलपुर शहर के धरमपुरा में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में भिरलिंगा निवासी 23 वर्षीय समीर नाग गंभीर रूप से घायल हो गया। पेट्रोलिंग कर रहे यातायात डीएसपी जयराम चेरमाको ने तुरंत घायल को अपने वाहन से महारानी अस्पताल पहुंचाया।
समीर नाग अपनी मोटरसाइकिल पर धरमपुरा की ओर से जगदलपुर आ रहा था। कृष्णा गार्डन के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में उसका नियंत्रण बिगड़ गया। वह सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। डीएसपी जयराम चेरमाको ने घटना देखते ही बिना देर किए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना घायल युवक को अपनी पेट्रोलिंग कार से महारानी अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी ने अस्पताल में चिकित्सकों से समीर के इलाज के संबंध में चर्चा की। वे इलाज के दौरान भी अस्पताल में मौजूद रहे और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई। डीएसपी की इस मानवीय पहल से घायल युवक को समय पर उपचार मिला और उसकी जान बच गई। फिलहाल, समीर नाग की हालत ठीक बताई जा रही है।
डीएसपी की मानवीय पहल की सराहना
ट्रैफिक विभाग के डीएसपी जयराम चेरमाको की इस संवेदनशीलता और मानवीय पहल की हर ओर प्रशंसा हो रही है। उनकी इस कार्रवाई ने लोगों का दिल जीत लिया है। वर्दी के साथ-साथ इन्सानियत का फर्ज निभाकर उन्होंने मानवता की एक मिसाल पेश की है। यह घटना शहर के लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
हेलमेट पहनने के लिए यातायात विभाग की अपील
डीएसपी जयराम चेरमाको ने हादसे के बाद नागरिकों से हेलमेट पहनने की अपील की है। उन्होंने बताया कि युवक को हेलमेट न पहनने के कारण ही सिर में गंभीर चोट आई। ट्रैफिक विभाग लगातार हाईवे और शहरी क्षेत्रों में बाइक सवारों को हेलमेट के प्रति जागरूक कर रहा है। डीएसपी ने सभी से वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल कर जागरूक नागरिक बनने का आग्रह किया।