Hathras News:15 दिन तक मौत से लड़ी साक्षी, टूटी सांसों की डोर – Sakshi Fought Death For 15 Days, Lost Her Breath
सादाबाद। गांव बढ़ार स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा साक्षी दीक्षित (15) की चलती गाड़ी से गिरकर घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। छह नवंबर को हुए हादसे में छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई थी।
करीब 15 दिनों तक आगरा के निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बृहस्पतिवार रात उसने दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। साक्षी पुत्री श्रीकृष्ण गोपाल दीक्षित सेंट फ्रांसिस स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी।
छह नवंबर को वह स्कूल से निजी गाड़ी में सवार होकर घर लौट रही थी। इस दौरान अचानक गाड़ी की खिड़की खुल गई और साक्षी चलती गाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन आनन-फानन उसे उपचार के लिए आगरा ले गए, जहां एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया।
इसके बाद गुरुग्राम ले गए, वहां से उसे फिर वापस आगरा लाया गया। करीब छह दिनों तक वह आगरा के एक निजी हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर जिंदगी के लिए संघर्ष करती रही। साक्षी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी नितिन कसाना ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ताओं ने जताया शोक, नहीं किया न्यायिक कार्य
सादाबाद। दी बार एसोसिएशन की शोकसभा पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। इसमें वर्तमान बार अध्यक्ष अनिल दीक्षित एडवोकेट की नातिनी व अधिवक्ता दीपक दीक्षित की भतीजी कु. साक्षी के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर शोक व्यक्त किया गया। इस दौरान सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से भी विरत रहे। संवाद
