Bhadohi News:डॉक्टरों की ड्यूटी सिर्फ फोन पर पैरावेट के हाथों पशुओं का इलाज – Doctors’ Duty Is Limited To Overseeing The Treatment Of Animals
ज्ञानपुर। जिले के पशु अस्पतालों में प्रशिक्षित पशु चिकित्सा सहायक (पैरावेट) पशुओं का उपचार कर रहे हैं। वहीं, फोन पर परामर्श लेकर दवाएं दी जा रही हैं। एक मंडलीय पशु अस्पताल के साथ नौ पशु अस्पताल और 11 पशु उपकेंद्र होने के बावजूद पशुपालक अपने मवेशियों का समुचित उपचार नहीं करा पा रहे हैं। राजकीय पशु चिकित्सालयों में पशु चिकित्सकों की कमी है।
जिले भर में करीब सवा दो लाख पशुपालक हैं। वहीं, करीब साढ़े चार लाख मवेशी हैं। जिले में स्थायी और अस्थायी 31 गोशालाएं हैं। हमारी टीम ने बृहस्पतिवार को खमरिया, औराई, सुरियावां, गोपीगंज और जंगीगंज सहित विभिन्न अस्पतालों की पड़ताल की। इस दौरान वहां की व्यवस्थाएं बेपटरी मिलीं। मौके पर पशु चिकित्सक और फार्मासिस्ट नदारद मिले।
पैरावेट पशुपालकों को दवाइयां दे रहे थे। टीम सुबह करीब 11 बजे औराई के राजकीय पशु चिकित्सालय पहुंची। यहां स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के साथ ही पूरे परिसर में घास और गंदगी मिली। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव कुमार शुक्ला की कुर्सी खाली थी। स्वीपर और चौकीदार भी नहीं मिले। उपरौठ निवासी मुन्ना, भैदपुर निवासी शिवशंकर और मटियारी निवासी संतोष दुबे दवा लेने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें डॉक्टर नहीं मिले।
दो घंटे बैठते हैं डॉक्टर, समय नहीं है निश्चित
सुरियावां। यहां के राजकीय पशु चिकित्सालय में डॉक्टर नहीं मिले। बताया जा रहा कि डॉक्टर सिर्फ दो घंटे यहां बैठते हैं इसके बाद वह दुर्गागंज पशु अस्पताल चले जाते हैं। दोनों अस्पतालों में उनके बैठने का समय निर्धारित नहीं है। इससे पशुपालकों की परेशानी बढ़ जाती है। उन्हें मवेशियों की दवा लेने के लिए कई बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं। खमरिया के काशीचक स्थित पशु सेवा केंद्र पर हमेशा ताला लटका रहता है। डॉक्टर सहित पशुकर्मी यहां आते ही नहीं हैं। अस्पताल जर्जर भवन में चल रहा है। इसकी चहारदीवारी टूटी हुई है।
फोन के सहारे चल रहा पशु अस्पताल
गोपीगंज। स्थानीय पशु सेवा केंद्र पर पशुपालक फोन करने के बाद ही आते हैं, क्योंकि यहां नियमित रूप से डॉक्टर नहीं मिलते हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति में पशु मित्र पशुपालकों से फोन पर दवा पूछकर उन्हें दवा देते हैं। पशुओं के बीमार पड़ने पर पशुपालकों को समय से उपचार नहीं मिल पाता है। पशुपालक प्रकाश सिंह, प्रदीप मौर्य, आशीष और मनीष सिंह ने बताया कि पशुओं के बीमार पड़ने का कोई निश्चित समय नहीं होता। डीघ के मैलौना स्थित पशु चिकित्सालय जंगीगंज पर क्षेत्र की 45 ग्राम सभाओं के पशुओं के इलाज की जिम्मेदारी है। डॉ. कमलेश चंद प्रकाश को जंगीगंज के साथ ही ब्लॉक परिसर स्थित पशु चिकित्सालय का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें दो स्थानों पर ड्यूटी करनी पड़ती है।
पशुपालकों की प्रतिक्रिया
बृहस्पतिवार को बीमार पशु की दवा लेने आया था, लेकिन मौके पर डॉक्टर नहीं मिले। पैरावेट से दवा लेकर जाना पड़ा। अक्सर यहां डॉक्टर नहीं मिलते हैं। – होरीलाल, औराई
जंगीगंज राजकीय पशु अस्पताल की स्थिति दयनीय है। बृहस्पतिवार को भैंस बीमार होने पर दवा लेने चिकित्सालय आया था। पैरावेट ने अस्पताल से दवा मिली है।
— कमलेश मौर्य, किशुनदेवपुर
पशु अस्पताल और पशु सेवा केंद्रों पर विलंब से आने वाले चिकित्सकों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। केंद्र पर ताला क्यों बंद था, इसका जवाब लिया जाएगा। – डॉ. एके सचान, सीवीओ, भदोही
