Bhadohi News:31 लाख से बिछाई जाएगी करीब 295 मीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन – About 295 Meters Long Underground Pipeline Will Be Laid With Rs 31 Lakhs
ज्ञानपुर/नईबाजार। नईबाजार नगर पंचायत के वार्ड आठ में 31 लाख रुपये की लागत से भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही निविदा जारी कर काम शुरू कराया जाएगा।
जौनपुर की सीमा पर स्थित नईबाजार नगर पंचायत में 13 वार्ड हैं। यहां की आबादी करीब 25 से 26 हजार है। नगर में इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का काम अलग-अलग योजनाओं के तहत कराया जा रहा है। वार्ड आठ में पहले से तीन लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का काम हो रहा है। अब इसी मोहल्ले में 31 लाख रुपये से जल निकासी की व्यवस्था बेहतर की जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला सोनकर ने बताया कि सभी वार्डों में जनता की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों का खाका तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। बजट स्वीकृत होते ही काम शुरू कराए जाते हैं। वार्ड आठ में 31 लाख रुपये की लागत से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
