रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chandauli News:ट्रांसफॉर्मर का केबल जलने से आठ घंटे गुल रही 100 गांवों की बिजली – Power Outage For 100 Villages For Eight Hours Due To A Transformer Cable Burning
चंदौली

Chandauli News:ट्रांसफॉर्मर का केबल जलने से आठ घंटे गुल रही 100 गांवों की बिजली – Power Outage For 100 Villages For Eight Hours Due To A Transformer Cable Burning

November 21, 2026


कंदवा। अमड़ा उपकेंद्र में शुक्रवार तड़के तीन बजे 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर का केबल जलने और इनकमिंग केबल बॉक्स में ब्लास्ट होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपकेंद्र से जुड़े 10 फीडरों के 100 गांवों की बिजली गुल हो गई। सवा लाख की आबादी को आठ घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली न रहने से लोगों को पेयजल सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।

अमड़ा उपकेंद्र से धीना, असना, ररूआ, डेढ़गांवा, अमड़ा, बरहनी, ककरैत, जेवरी, विश्वबैंक और राइस मिल फीडर संचालित होते हैं। इनसे 100 गांवों के अलावा राइस मिलों, राजकीय और निजी नलकूपों, मोबाइल टावर और अन्य निजी प्रतिष्ठानों को बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार की भोर तीन बजे उपकेंद्र को बिजली देने वाले 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर का केबल जल गया। इसके साथ ही इनकमिंग फीडर के केबल बॉक्स में ब्लास्ट होने से पूरे उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही विद्युत निगम के टीजी-टू कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुट गए। केबल जलने और केबल बॉक्स में ब्लास्ट से आई तकनीकी खराबी को दूर करने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आठ घंटे की मेहनत के बाद सुबह 11 बजे खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

नलकूप और राइस मिलों का काम भी प्रभावित

अमड़ा उपकेंद्र से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही राजकीय और निजी नलकूपों, राइस मिलों व मोबाइल टावरों को भी बिजली मिलती है। आठ घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से इनसे जुड़े कामकाज भी प्रभावित हुए। बिजली न होने से ग्रामीणों को पानी की व्यवस्था करने में भी परेशानी हुई। सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों को राहत मिली।

तकनीकी खराबी से सभी फीडरों की आपूर्ति ठप

अमड़ा उपकेंद्र में लगा 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर पूरे उपकेंद्र के ट्रिपिंग सिस्टम का संचालन करता है। इसी के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा और नियंत्रण व्यवस्था संचालित होती है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर का केबल जलने और इनकमिंग फीडर में ब्लास्ट होने से पूरे उपकेंद्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। इसके चलते सभी 10 फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई।

इनकमिंग फीडर के केबल में ब्लास्ट होने और 25 केवी ट्रांसफॉर्मर का केबल जलने से आपूर्ति बाधित हो गई थी, इसे ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

– जवाहर सिंह, जेई, विद्युत उपकेंद्र, अमड़ा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X