Delhi Ncr News:कविता, संगीत और कथक के संगम से सजी स्टैंडिंग एट इटर्निटी – ‘standing At Eternity’ Adorned By The Confluence Of Poetry, Music, And Kathak
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के समवेत ऑडिटोरियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के कलाकारों ने मिलकर ‘स्टैंडिंग एट इटर्निटी’ नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें कविता, संगीत और कथक नृत्य का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन पंडित बिरजू महाराज के कलाश्रम ने आईजीएनसीए, भारतीय संस्कृति दर्शन ऑस्ट्रेलिया, भारतीय संस्कृति दर्शन ट्रस्ट और स्कोरसाउंड्स ऑस्ट्रेलिया के सहयोग से किया।
कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई कवि केल्विन ब्राउन की कविताओं पर आधारित कथक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रख्यात कथक नृत्यांगना शाश्वती सेन के मार्गदर्शन और कोरियोग्राफर ममता महाराज के निर्देशन में कलाश्रम के विद्यार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी मुख्य अतिथि और भारतीय संस्कृति दर्शन ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. सुश्रुत सरदेशमुख विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसकी प्रेरणा केल्विन ब्राउन को कई वर्ष पहले एलोरा की गुफाओं की यात्रा के दौरान मिली थी।
