धमतरी:पोटाश बम से जंगली सुअर का शिकार, दो और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 शिकारी पहुंचे जेल – Major Action By The Forest Department In A Case Involving The Poaching Of Wild Boars; Two Accused Who Supplied
धमतरी जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत वन्यप्राणी के अवैध शिकार मामले में वन विभाग को सफलता मिली है। रिसगांव परिक्षेत्र में विस्फोटक पोटाश बम के जरिए जंगली सुअर का शिकार करने के प्रकरण में विभाग ने दो अन्य संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका भी निरस्त कर दी है। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
क्या है पूरा मामला..?
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 29 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वनक्षेत्र (कक्ष क्रमांक 254-255, चिखलापानी) में विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम का उपयोग कर एक नर जंगली सुअर का अवैध शिकार किया गया था। इस संबंध में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले हो चुकी है 5 आरोपियों की गिरफ्तारी
इस प्रकरण में वन विभाग ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए ओडिशा के नबरंगपुर जिले के ग्राम खिलौली निवासी चार शिकारियों—नरसिंग (50), मानसिंग (22), देवानंद उर्फ लैला (49) और शेषमल (38) को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही, विस्फोटक पोटाश बम के मुख्य सप्लायर भारत पिता रामजी राठौर (निवासी कोरहोबेड़ा, जिला कोंडागांव) के घर पर सर्च वारंट के तहत तलाशी ली गई थी, जहां से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने पर उसे भी गिरफ्तार कर धमतरी जिला जेल भेजा गया था।
जेल में पूछताछ से खुले अहम राज
मामले की तह तक जाने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नगरी से अनुमति लेकर 5 नवंबर को वन विभाग के आला अधिकारियों की एक विशेष टीम ने जिला जेल धमतरी में बंद आरोपियों से पूछताछ की। इस टीम में उपनिदेशक वरुण जैन, सहायक संचालक बालगोविंद साहू, गोपाल सिंह कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी चंद्रबली ध्रुव और विवेचना अधिकारी चंद्रभान साहू शामिल थे। पूछताछ के दौरान मुख्य सप्लायर भारत राठौर ने पोटाश बम बनाने और उसके अवैध लेन-देन में शामिल अपने अन्य साथियों के नाम उजागर किए।
दो नए आरोपी गिरफ्तार, जमानत नामंजूर
सप्लायर के बयान के आधार पर वन विभाग की टीम ने 17 नवंबर को दबिश देकर कोंडागांव जिले के कोरहोबेड़ा निवासी जोहरू नेताम (40) और धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुकुंदपुर निवासी मनकलाल मरकाम (37) को गिरफ्तार किया। परिक्षेत्र कार्यालय सांकरा में हुई पूछताछ में दोनों ने विस्फोटक सामग्री की तस्करी और शिकार में संलिप्तता स्वीकार की। दोनों को नगरी न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, 20 नवंबर को न्यायालय ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका को गंभीर अपराध मानते हुए खारिज कर दिया है।
