Fatehabad News:विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज का लिया संकल्प – Students Took A Pledge For A Drug-free Society
फतेहाबाद। युवा पीढ़ी जागरूक होकर नशे के खिलाफ संकल्प ले तो समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सकता है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।
यह बात नशामुक्ति सेना के अध्यक्ष भवानी सिंह ने शनिवार को गांव अहरवां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कही। नशामुक्ति सेना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भवानी सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी समाज को नशामुक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के कारण देश, समाज और परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही जीवनभर नशे से दूर रहने और परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव होता है। असामाजिक तत्व युवाओं को गुमराह कर नशे की ओर धकेलने का प्रयास करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को गलत संगति से बचकर अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल जगदीश कुमार ने भवानी सिंह और उनकी टीम का आभार जताया। इस अवसर पर हैप्पी सिंह, अमनदीप सिंह, सुधीर, मनप्रीत सिंह, गुरभेज सिंह, हैप्पी बोसवाल, कृष्ण पारचा, अनिल ठाकुर सहित स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।
