Mandi News:मंडी में दो माह में 1,210 राजस्व मामलों का निपटारा – 1,210 Revenue Cases Settled In Mandi Over Two Months
मंडी। जिले में राजस्व मामलों के निपटारे में प्रशासन ने तेजी दिखाई है। शनिवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह जानकारी सामने आई। 16 सितंबर से 15 नवंबर तक जिले के तहसील एवं उपतहसील कार्यालयों में 4,659 इंतकाल दर्ज किए गए। इस अवधि में तकसीम, निशानदेही और राजस्व दुरुस्ती के कुल 1,210 मामलों का निपटारा हुआ। इनमें तकसीम के 377, निशानदेही के 457 और राजस्व दुरुस्ती के 376 मामले शामिल हैं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया। बैठक में स्वामित्व योजना और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, एडीएम डॉ. मदन कुमार और जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा भी मौजूद रहे।
