बस्ती। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर शनिवार को शहर में निकले नगर कीर्तन में सिख समाज की धार्मिक आस्था, सेवा और शौर्य की झलक देखने को मिली। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली यात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब की फूलों से सजी पालकी, शबद-कीर्तन और युवाओं के गतका प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। रास्ते भर श्रद्धालु गुरु नानक देव के जयकारे लगाते रहे।
गुरुद्वारा गांधीनगर की ओर से आयोजित नगर कीर्तन कंपनीबाग से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा और गुरुद्वारा गांधीनगर पहुंचकर संपन्न हुआ। हाथों में तलवार लिए पंच प्यारे यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। फूलों से सजे रथ पर गुरु ग्रंथ साहिब की झांकी सजाई गई थी। वाहनों पर सजी सिख गुरुओं की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा में शामिल युवाओं ने पारंपरिक गतका कला का प्रदर्शन कर अपनी युद्धकला और कौशल का परिचय दिया।
शबद-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच श्रद्धालु गुरु नानक देव के संदेशों का गुणगान करते चल रहे थे। सिख समाज के सेवादार रास्ते में पानी डालकर सफाई करते हुए आगे बढ़े। महिलाओं ने भी शबद गायन के जरिये खालसा पंथ की परंपरा और गुरु महिमा का बखान किया। नगर कीर्तन में आकर्षक रोशनी से सजे वाहन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। समापन पर गुरुद्वारे में लंगर का आयोजन किया गया। इससे पहले शनिवार को कंपनी बाग गुरुद्वारे से प्रभातफेरी निकाली गई।

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर पंच प्यारे के साथ निकला भव्य नगर कीर्तन– फोटो : samvad