रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिजनौर

Bijnor News:नहर में डाले जा रहे मुर्गियों के अवशेष, ग्रामीण परेशान – Chicken Remains Being Dumped Into Canal; Villagers Distressed

November 29, 2026


गजरौला शिव। गांव के पास सड़क किनारे बनी सूखी नहर में मुर्गियों के अवशेष फेंके जा रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में भारी दुर्गंध फैली हुई है। अवशेष खाने के लिए नहर के पास आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। ये कुत्ते गंदगी फैला रहे हैं और रास्तों से निकलने वाले लोगों पर हमलावर हो रहे हैं।

मुर्गी काटने का कारोबार करने वाले लोग शाम के समय दिनभर के अवशेष यहां डालकर चले जाते हैं। गजरौला और जंदरपुर में मुर्गा मीट बेचने वाले दुकानदार भी रोजाना नहर में अवशेष डालते हैं। आसपास के अन्य गांवों के दुकानदार भी इस जगह पर अवशेष फेंक रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पूरी गतिविधि पर गहरी नाराजगी जताई है।

गजरौला शिव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि साप्ताहिक बाजार में मुर्गा मीट बेचने वाले दुकानदार शाम को अवशेष कॉलेज के पीछे डाल जाते हैं। खाद और सीमेंट की दुकान करने वाले अंशुल कुमार ने बताया कि नहर में पड़े अवशेषों को कुत्ते खींचकर गांव के अंदर ले आते हैं। सरदार तेजपाल सिंह ने बताया कि जंदरपुर की सड़क किनारे स्थित दुकानों से भी अवशेष लगातार नहर में डाले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से नहर में अवशेष डालने पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X