कासगंज। देवोत्थान के दूसरे दिन शनिवार को भी सहालग की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी। कपड़े, आभूषण और अन्य सामान खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। इससे मुख्य बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। वहीं, ई-रिक्शा की बेतरतीब आवाजाही के कारण गांधी मूर्ति क्षेत्र सहित कई स्थानों पर जाम के हालात बने रहे। पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शहर के सोरों गेट, बिलराम गेट, सहावर गेट और नदरई गेट के प्रवेश मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बड़े वाहनों और ई-रिक्शा को बाजारों के अंदर जाने से रोकने के इंतजाम भी किए गए हैं। इसके बावजूद बाजारों में ई-रिक्शा की आवाजाही जारी रहने से जाम की समस्या बनी रही। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को व्यवस्थित कराने और जाम खुलवाने में जुटे रहे।
ई-रिक्शा और बड़े वाहनों को बाजारों में प्रवेश करने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में जाम न लगे, इसके लिए पुलिसकर्मियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। – रजनीश उपाध्याय, सीओ यातायात