Kasganj News:प्राचीन धरोहरों का संवरेगा इतिहास, 50 स्थलों पर लगेंगे जियो टैग बोर्ड – History Of Ancient Heritage Sites To Be Enriched; Geo-tagged Boards To Be Installed At 50 Locations
कासगंज/सोरोंजी। पौराणिक तीर्थनगरी सोरोंजी शूकरक्षेत्र और सूफी संत अमीर खुसरो की जन्मस्थली पटियाली की विरासत को संजोए कासगंज जिले की 50 ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को अब वैश्विक पहचान मिलेगी। पर्यटन विभाग ने इन प्रमुख स्थलों पर जियो टैग वाले बोर्ड लगाने की पहल की है जिन पर धरोहरों का गौरवमयी इतिहास और विशेषताएं दर्ज रहेंगी।
कासगंज की मिट्टी प्राचीन काल से मध्यकालीन इतिहास तक हिंदू और सूफी परंपराओं के संगम की साक्षी रही है। भगवान विष्णु के तीसरे अवतार भगवान वराह की अवतरण भूमि सोरोंजी शूकरक्षेत्र, हरिपदी गंगा और भगवान वराह मंदिर इसकी पौराणिक पहचान को जीवंत रखते हैं।
पटियाली ने अमीर खुसरो जैसे महान कवि, साहित्यकार और संगीतज्ञ को जन्म देकर साहित्यिक व सांस्कृतिक गौरव बढ़ाया है। प्राचीन राजवंशों के शासन और गंगा-जमुनी तहजीब के अनेक अध्याय आज भी यहां जीवंत हैं।
जियो टैग बोर्ड लगने से जिले की विरासत व्यवस्थित रूप से सामने आएगी और बाहर से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने, सांस्कृतिक पहचान मजबूत होने और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
यहां लगाए जा चुके हैं बोर्ड
पर्यटन विभाग के अनुसार, किला शंकरगढ़, मां चामुंडा मंदिर, प्राचीन भूतेश्वर मंदिर और झाल का पुल सहित तीर्थनगरी के सीता-राम मंदिर, क्षेत्राधीश वराह मंदिर, द्वारिकाधीश, सोमेश्वर महादेव, अंबागढ़ अखाड़ा, बटुकनाथ, सीताराम जी और ग्राम्य देवी जैसी प्राचीन धरोहरों पर बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर संबंधित स्थलों का इतिहास व विशेषताएं अंकित की गई हैं।
वर्जन
जिले की 50 ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों पर जियो टैग वाले बोर्ड लगाए जा रहे हैं जिनमें उनका संक्षिप्त इतिहास और विशेषताएं लिखी रहेंगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों को धरोहरों की जानकारी सहजता से उपलब्ध हो सकेगी। – अनुपम श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी

फोटो 09 – प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पर लगा जिओ टैग बोर्ड। स्रोत : संवाद

फोटो 09 – प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पर लगा जिओ टैग बोर्ड। स्रोत : संवाद

फोटो 09 – प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पर लगा जिओ टैग बोर्ड। स्रोत : संवाद
