रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमेठी

Amethi News:बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत, दोस्त घायल – Bike Hits Tree; Youth Dies, Friend Injured

November 22, 2026


भादर। छीड़ा मार्ग पर भादर गांव स्थित ईंट-भट्ठे के पास शनिवार को अनियंत्रित बाइक महुआ के पेड़ से टकरा गई। हादसे में प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र के गहरौली निवासी मानसिंह यादव उर्फ मोनू (40) की मौत हो गई। बाइक पर सवार उनके दोस्त मदन लाल (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

मदन लाल ने बताया कि दोनों गौरीगंज से दूध डेयरी की मशीन की मरम्मत कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। भादर गांव के पास ईंट-भट्ठे के नजदीक अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे महुआ के पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी भादर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मानसिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। मदन लाल को प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत में सुधार होने पर उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक अचानक अनियंत्रित हुई। लोगों को कुछ समझने का मौका नहीं मिला और बाइक पेड़ से टकरा गई। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था। पेड़ से टकराने के कारण सीने में गंभीर चोट लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मानसिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मां विमला देवी और पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटी ट्विंकल और बेटे युवराज (11) व उत्कर्ष भी पिता को खोने के गम में बिलखते रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X