Amethi News:कतर से सात दिन बाद गांव पहुंचा युवक का शव – Body Of Young Man Reaches Village Seven Days After His Death In Qatar
जगदीशपुर। कतर में नौकरी के दौरान बीमारी से जान गंवाने वाले निहालगढ़ निवासी दिलशाद अहमद (44) का शव सात दिन बाद बृहस्पतिवार देर शाम गांव पहुंचा। शव देखते ही मां मीना बानो और भाई बिलख पड़े। घर में चीख-पुकार मच गई। मौत की खबर मिलने के बाद से ही परिवार के लोग उनके अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे थे। शव पहुंचते ही घर से लेकर मोहल्ले तक मातम छा गया। परिजनों ने रात में ही गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
दिलशाद परिवार के भरण-पोषण के लिए कतर के नसरानिया में हाउस चालक की नौकरी करते थे। वह 16 सितंबर 2025 को घर से कतर गए थे। परिजनों के मुताबिक 14 नवंबर 2026 को उन्होंने भाई आबाद से फोन पर आखिरी बार बात कर घर का हालचाल जाना था। अगले दिन उन्होंने भाई को एक रील भी भेजी थी। इसके करीब एक घंटे बाद अचानक उनका रक्तचाप बढ़ गया और दिमाग की नस फट गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिनों तक होश नहीं आया।
परिवार को 15 नवंबर को उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली थी। 23 नवंबर को उनकी मौत की खबर आई तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कतर में मौजूद उनके भांजे रेहान अस्पताल पहुंचे और शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कराई। शव स्वदेश लाने के लिए परिजनों ने उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना को प्रार्थना पत्र देकर मदद मांगी थी।
उपजिलाधिकारी ने उच्चाधिकारियों और कतर स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कराई। प्रशासनिक प्रयासों से एक सप्ताह के भीतर शव भारत पहुंच गया। दिलशाद की मौत के बाद भाई समशाद, शहजाद, आबाद और आजाद सहित अन्य परिजनों का रो-कर बुरा हाल है।
