Mahoba News:10 दिन बाद बंटी खाद, 700 किसानों में 300 को मिली – Fertilizer Distributed After 10 Days; 300 Out Of 700 Farmers Received It
अजनर (महोबा)। साधन सहकारी समिति अजनर में खाद के लिए किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। करीब दस दिन के इंतजार के बाद शुक्रवार को समिति में खाद वितरण शुरू हुआ तो सुबह से ही किसानों की भारी भीड़ जुट गई। सुबह छह बजे से टोकन बांटने की प्रक्रिया शुरु की गई लेकिन करीब 700 किसानों के पहुंचने के बावजूद महज 300 किसानों को ही खाद मिल सकी। शेष 400 किसानों को बिना खाद लिए मायूस होकर लौटना पड़ा। खाद की किल्लत व वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
एक सप्ताह पहले समिति में 500 बोरी खाद पहुंची थी। खाद उपलब्ध होने के बाद भी छह दिन तक वितरण शुरु नहीं हो सका। इस बीच किसान खाद के लिए समिति के चक्कर लगाते रहे। शुक्रवार को तहसीलदार कुलपहाड़ के निर्देश पर सुबह छह बजे से टोकन वितरण शुरू कराया गया। अचानक टोकन बांटे जाने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में किसान समिति पहुंच गए। सीमित टोकन होने से कई किसानों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
कैलाश तिवारी, ब्रदी प्रसाद दीक्षित आदि ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। बताया कि रबी फसल की बोआई और खेती के काम के लिए खाद की तत्काल जरूरत है। समिति में खाद आने के बाद भी कई दिनों तक वितरण न होने व सीमित टोकन बांटे जाने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। किसानों ने पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और पारदर्शी तरीके से नियमित वितरण कराने की मांग की है। उधर, समिति के सचिव भूपकिशोर ने बताया कि कुल 300 टोकन बांटे गए। इनमें 200 टोकन चेक से भुगतान करने वाले किसानों व 100 टोकन नकद भुगतान करने वाले किसानों को दिए गए। अगली खेप आने पर शेष किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
एक माह से खाद के लिए भटक रहे
सगुनिया के किसान खलक सिंह ने बताया कि वह एक माह पहले का टोकन लेकर खाद के लिए भटक रहे हैं लेकिन आज भी उन्हें खाद नहीं मिली। इससे गेहूं की बोआई पिछड़ रही है।
चेक जमा करने के बाद भी नहीं मिली खाद
किसान सरमन साहू का कहना है कि एक माह पहले चेक जमा करने के बाद भी उन्हें अब तक खाद नहीं मिली जबकि उन्होंने कुछ किसानों को बिना टोकन के खाद वितरण किए जाने का आरोप लगाया।
