Rewari News:ग्रैप-3 की पाबंदियां हटते ही बिगड़ी हवा, इस सीजन में सबसे अधिक एक्यूआई 323 पर पहुंचा – Air Quality Worsens As Soon As Grap-3 Restrictions Are Lifted; Aqi Reaches 323, The Highest This Season
रेवाड़ी। ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद एक बार फिर हवा प्रदूषित हो गई है। इस सीजन में पहली बार प्रदूषण का स्तर (एक्यूआई) 323 तक पहुंच गया है। इसके साथ ही जिला रेड जोन में पहुंच गया है। प्रदूषित आबोहवा के बीच लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए एक्यूआई का यह स्तर काफी चिंताजनक है। 17 नवंबर को जिले का एक्यूआई 137 दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली।
इससे पहले इस सीजन में दो नवंबर को अधिकतम एक्यूआई 298 दर्ज किया गया था। अब यह आंकड़ा बढ़कर 323 तक पहुंच गया है। एक्यूआई के इस स्तर पर पहुंचने से साफ है कि जिले में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में दिए गए सतर्कता के निर्देश पर ठीक से अमल नहीं किया गया है।
एक्यूआई 0-50 रहने पर हवा अच्छी होती है और स्वास्थ्य पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है। 51-100 के स्तर पर संवेदनशील लोगों को सांस लेने में मामूली परेशानी हो सकती है। 101-200 के स्तर पर फेफड़ों, अस्थमा और हृदय रोगियों को दिक्कत हो सकती है।
201-300 एक्यूआई पर लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से अधिकांश लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। 301-400 का स्तर बहुत खराब श्रेणी में आता है, जिससे लंबे समय तक संपर्क में रहने पर श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। वहीं 401-500 का स्तर गंभीर होता है और स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकता है।
सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से शहर में पानी का छिड़काव शुरू करवाया गया है। प्रमुख मार्गों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में पानी का छिड़काव करने से धूल के कणों को हवा में फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है। हालांकि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल पानी का छिड़काव पर्याप्त नहीं है। इसके साथ निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की नियमित सफाई और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की निगरानी भी जरूरी है।
सुबह और शाम खुले में टहलने से बचें : डॉ. मनीष
फिजिशियन डॉक्टर मनीष कुमार ने कहा कि वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को सुबह और शाम के समय खुले में टहलने व व्यायाम करने से बचना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को घर से बाहर निकलने में सावधानी रखनी चाहिए। जरूरी होने पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें। घर की खिड़की-दरवाजे बंद रखें और धूल जमा न होने दें। बाहर से आने के बाद हाथ-मुंह धोएं। आंखों में जलन, लगातार खांसी, गले में परेशानी या सांस लेने में दिक्कत होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बच्चों को प्रदूषण अधिक होने पर खुले मैदानों में खेलने से बचाएं। पर्याप्त पानी पीते रहें।
किस दिन रहा कितना एक्यूआई
20 नवंबर 296
19 नवंबर 264
18 नवंबर 232
17 नवंबर 137
16 नवंबर 161
15 नवंबर 231
14 नवंबर 267
वर्जन
प्रदूषण फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी की जा रही है।-निपुण, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण बोर्ड।

साहबी बैराज मसानी पुल के पास जलता कचरा। संवाद
