Hamirpur News:बिना हेलमेट 40 बाइकों का चालान, सीट बेल्ट न लगाने पर फंसे 11 चालक – 40 Motorcyclists Fined For Not Wearing Helmets; 11 Drivers Penalized For Failing To Wear Seat Belts
– सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हुई कार्रवाई में कुल 67 वाहनों का चालान
हमीरपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को विभाग की प्रवर्तन टीमों ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 67 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 40, बिना सीट बेल्ट के 11, खतरनाक तरीके से वाहन संचालन के 9 और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार के 7 मामले सामने आए, जिनका चालान किया गया। विभाग ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पखवाड़े के तहत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ नियमित प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है। इसका उद्देश्य चालान करना ही नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
