Yamuna Nagar News:सड़क पर बिना संकेतक खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की गई जान – Motorbike Crashes Into A Truck Parked On The Road Without Any Warning Signs; Young Man Loses His Life
यमुनानगर। गांव धौड़ंग के पास सड़क पर किसी सुरक्षा संकेत के खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फरार अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा 19 नवंबर की रात श्याम पब्लिक स्कूल के नजदीक हुआ। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। पुलिस को दी शिकायत में गांव धौड़ंग स्थित बीबीसी ईंट भट्ठे पर काम करने वाले लाला बिंद ने बताया कि वहां करीब 40 वर्षीय उदल और 30 वर्षीय विजयकांत काम करते हैं।
दोनों 19 नवंबर की रात किसी काम से बाइक पर जा रहे थे। जब वे गांव धौड़ंग के पास श्याम पब्लिक स्कूल के नजदीक पहुंचे तो सड़क पर एक ट्रक खड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार ट्रक चालक ने वाहन को सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ा किया हुआ था। ट्रक के पीछे या आसपास कोई सुरक्षा संकेत भी नहीं लगाया गया था।
अंधेरे के कारण बाइक सवारों को सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विजयकांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि उदल की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी है। थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
