Noida News:133 करोड़ रुपये से शहर की चार सड़कें बनेंगी मॉडल रोड – Four City Roads To Be Developed Into Model Roads At A Cost Of Rs 133 Crore
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने परियोजनाओं को दी सैद्धांतिक मंजूरी, आईआईटी से होगा लागत व तकनीकी परीक्षण
दिसंबर में निर्माण एजेंसी के चयन के लिए जारी होंगे टेंडर, दो अन्य सड़कों का भी होगा चयन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की चार प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इन सड़कों पर सड़क सुरक्षा, पैदल यात्रियों की सुविधा और सुंदरीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने वर्क सर्किल-3, 4 और 5 की ओर से तैयार की गई चार मॉडल रोड परियोजनाओं के प्रारूप को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इन सड़कों के विकास पर करीब 133 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अब परियोजनाओं की लागत और तकनीकी पहलुओं का परीक्षण आईआईटी से कराया जाएगा। इसके बाद निर्माण एजेंसी के चयन के लिए दिसंबर में टेंडर जारी किए जाएंगे।
प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कराया गया था। इसमें सामने आया कि कई प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ और पैदल पार पथ (पैदल क्रॉसिंग) को व्यवस्थित करने की जरूरत है। खासतौर पर उन सड़कों पर ध्यान दिया गया है, जहां वाहनों के साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी अधिक रहती है।
मॉडल रोड परियोजना के तहत फुटपाथ और पैदल क्रॉसिंग को बेहतर बनाया जाएगा। सड़क किनारे बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए कम ऊंचाई वाले पोल लगाए जाएंगे। इसके अलावा हरियाली विकसित करने और सड़कों के सुंदरीकरण के काम भी कराए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग वर्क सर्किल से प्रमुख सड़कों की परियोजनाएं तैयार कराई गई हैं। प्राधिकरण ने आगे की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
इन चार सड़कों को मॉडल रोड बनाने की तैयारी
1. सेक्टर-49 बरौला टी-प्वाइंट से सेक्टर-71 अंडरपास तक
विश्वकर्मा रोड का यह हिस्सा करीब चार किलोमीटर लंबा है। यह शहर की व्यस्ततम सड़कों में शामिल है। सेक्टर-51 से आगे सेक्टर-50, सेक्टर-75 और बरौला होते हुए यह सड़क हनुमान मूर्ति की तरफ जाती है। सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन तक सड़क के दोनों ओर बाजार भी विकसित हैं। इस सड़क को मॉडल रोड बनाने पर करीब 58 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
2. सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन से डी-पार्क तक
सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन और फोर्टिस अस्पताल के बीच से गुजरने वाली यह सड़क 45 मीटर चौड़ी है। परियोजना में सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के चारों ओर की सड़क को भी शामिल किया गया है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क को मॉडल रोड बनाने पर 32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
3. नोएडा एलिवेटेड रोड के नीचे से होशियारपुर टी-प्वाइंट तक
गिझोड़ सीएनजी पंप के मोड़ से गुजरने वाली यह सड़क 45 मीटर चौड़ी है। इसके एक ओर सेक्टर-53 का गिझोड़ और दूसरी ओर सेक्टर-34 स्थित है। करीब 1.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के विकास पर 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
4. सेक्टर-60 अंडरपास से सेक्टर-68 तक
नोएडा एलिवेटेड रोड से सेक्टर-60 की ओर उतरने पर यह सड़क सीधे सेक्टर-68 की तरफ जाती है। इसके एक ओर सेक्टर-66 और 67 के ममूरा क्षेत्र तथा दूसरी ओर सेक्टर-70 और 71 स्थित हैं। सेक्टर-68 टी-प्वाइंट तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबी इस सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दो और सड़कों का होगा चयन
प्राधिकरण की योजना शहर की दो अन्य प्रमुख सड़कों को भी मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की है। इनके चयन की प्रक्रिया आगे पूरी की जाएगी। इस तरह शहर में मॉडल रोड की संख्या बढ़ाकर छह करने की तैयारी है।
कोट
चार प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की अलग-अलग परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब इनकी लागत और तकनीकी पहलुओं का परीक्षण कराया जाएगा। दिसंबर में निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। मॉडल रोड पर जनसुविधाओं, सड़क सुरक्षा और सुंदरीकरण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
एसपी सिंह, जीएम, नोएडा प्राधिकरण
